बतादें कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले पूरा शहर भी राममय हो चुका है। गलियां-गलियां राम-राम के उद्घोष से गूंज रही हैं। रामलला के नव्य-भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के अंतिम चरण में विराजमान रामलला रविवार की शाम को राजाधिराज के रूप में प्रवेश करेंगे। इसके चलते आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन रोक दिया गया है जो अब 22 जनवरी के बाद शुरू होगा। सूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विराजमान रामलला को नए मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचाएंगे। मेक शिफ्ट स्ट्रक्चर में रामलला की शनिवार की रात आखिरी होगी। इसके पहले आम दिनों की तरह रामलला के पूजन -अर्चन का क्रम चलता रहा
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अयोध्या में पूरी तैयारियां हो चुकी हैं। पीएम मोदी के आगमन से पहले ही अयोध्या पूरी तरह से अभेद हो गई है। जगह-जगह पर फोर्स की तैनात की गई है। पुलिस कर्मियों के अलावा ब्लैक कैट कमांडो भी नजर रख रहे हैं। इसके अलावा शहर में करीब 10 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जमीन से लेकर आसमान तक रामनगरी की सुरक्षा हो रही है। रामनगरी अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था ऐसी है कि कोई भी परिंदा पर नहीं मार सकेगा। वहीं दूसरी ओर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए राजनीति, उद्योगपति और फिल्म जगत से जुड़े लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। रविवार की शाम को पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा, पूर्व सीएम चंद्र बाबू नायडू के अलावा फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत, साउथ सुपर स्टार रजनीकांत, फिल्म निर्देशक सुभाष घई, सिंगर सोनू निगम भी पहुंच चुके हैं।